मध्यप्रदेश में बड़ा हादसा हुआ है। प्रदेश के उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में यह हादसा हुआ है। यहां एक दीवार ढह गई जिसके मलबे में कई भक्त दब गए। शहर में तेज बरसात के बीच यह हादसा हुआ। महाकाल मंदिर परिसर में दीवार ढहते ही कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ लोग बुरी तरह घायल हुए हैं।
उज्जैन में शुक्रवार को तेज बारिश के बीच महाकाल मंदिर के गेट नंबर चार की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है, कई लोगों को अस्पताल भी पहुंचाया गया है।
ताजा जानकारी के अनुसार मलबे में दबने से चार लोग घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया है। दुर्घटना की खबर मिलते ही जिला कलेक्टर भी मौके पर पहुंच गए। मंदिर प्रशासन समिति के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ रेस्क्यू टीम का बचाव कार्य जारी है।
बता दें कि विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में लगातार हादसे हो रहे हैं। होली पर तो यहां आग भड़क गई थी जिसमें कई पुजारी झुलस गए थे। इससे पहलेे पिछले साल जुलाई में भी महाकाल मंदिर परिसर में दीवार गिर गई थी हालांकि बड़ा हादसा होते होते टल गया। यहां निर्माणाधीन दीवार भरभराकर गिर गई थी लेकिन संयोगवश घटना के दौरान वहां कोई भी मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
महाकाल मंदिर के विस्तारीकरण का द्वितीय चरण का कार्य चल रहा है। इसी दौरान पिछले साल सावन के महीने में कोटी तीर्थ कुंड के पास नैवेध कक्ष से लगी हुई दीवार गिर गई थी। घटना के वक्त मौके पर कोई नहीं था वरना जन हानि हो सकती थी।