ईद की खुशियों में डूबा उमरिया पान, गले मिलकर दी मोहब्बत और भाईचारे की मिसाल,आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत करने का संदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ईद की खुशियों में डूबा उमरिया पान, गले मिलकर दी मोहब्बत और भाईचारे की मिसाल,आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत करने का संदेश
कलयुग की कलम उमरिया पान – क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला।
ईद पर्व के अवसर पर उमरिया पान में अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष इरफान खान के निवास पर मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों का लगातार आगमन होता रहा। सभी ने पहुंचकर उन्हें ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस दौरान लोगों ने कहा कि ईद केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संदेश देने वाला पर्व है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। घरों में विभिन्न पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे के यहां पहुंचकर मिठाइयों का आनंद लिया।
क्षेत्र में पूरे दिन उत्सवी माहौल बना रहा। सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं देकर गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत किया। ईद पर्व ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रेम, सम्मान और भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।



