ढीमरखेड़ा जिर्री में जल क्रांति: हर घर तक पहुंचा साफ पानी, नल-जल योजना बनी ग्रामीणों की राहत,उच्च स्तरीय टंकी और संपवेल निर्माण पूरा, नियमित जलापूर्ति से गांव में लौटी राहत,पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद भी विभाग ने संभाली व्यवस्था, 9 हैंडपंप अब भी चालू
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा जिर्री में जल क्रांति: हर घर तक पहुंचा साफ पानी, नल-जल योजना बनी ग्रामीणों की राहत,उच्च स्तरीय टंकी और संपवेल निर्माण पूरा, नियमित जलापूर्ति से गांव में लौटी राहत,पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद भी विभाग ने संभाली व्यवस्था, 9 हैंडपंप अब भी चालू
कलयुग की कलम उमरिया पान – विकासखंड ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत जिर्री में अब पेयजल संकट बीते दिनों की बात होती जा रही है। शासन की नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव के घर-घर तक स्वच्छ पानी पहुंचने लगा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
ग्राम जिर्री में योजना के तहत 50 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी टंकी तथा 20 किलोलीटर क्षमता के संपवेल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक संरचनाएं भी तैयार कर ली गई हैं। वर्तमान में गांव में नल-जल योजना के माध्यम से नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार सुबह टंकी भरकर ग्रामीणों को पानी सप्लाई किया गया। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बताया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर चबूतरा निर्माण कार्य के दौरान एक स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए जलापूर्ति को प्रभावित नहीं होने दिया।
गांव में कुल 12 हैंडपंप स्थापित हैं, जिनमें से 9 वर्तमान में चालू अवस्था में हैं। जबकि 3 हैंडपंप भू-जल स्तर गिरने के कारण बंद हो चुके हैं। ऐसे हालात में नल-जल योजना ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब घर के नजदीक ही स्वच्छ पानी उपलब्ध होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी सुविधा मिल रही है। पहले पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब नियमित जलापूर्ति से दैनिक जीवन आसान हो गया है।
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जिर्री में नल-जल योजना की सफलता गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



