प्रशासनमध्यप्रदेश

लोकतंत्र के लोक उत्सव में डूबा कटनी भारत पर्व की संध्या पर बुंदेली लोकगायन और कथक की मनोहारी छटा नगर निगम ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक रंग, उत्कृष्ट कर्मियों का हुआ सम्मान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

लोकतंत्र के लोक उत्सव में डूबा कटनी भारत पर्व की संध्या पर बुंदेली लोकगायन और कथक की मनोहारी छटा नगर निगम ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक रंग, उत्कृष्ट कर्मियों का हुआ सम्मान

कल की कलम कटनी -गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व का भव्य आयोजन नगर निगम बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। देशभक्ति, लोकसंस्कृति और विकास की झलक से सजा यह आयोजन दर्शकों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम में बुंदेली लोकगायन और कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने समूचे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।

भारत पर्व में सुश्री कहकशां अंजुम के नेतृत्व में 9 सदस्यीय दल द्वारा प्रस्तुत बुंदेली लोकगायन ने क्षेत्रीय संस्कृति की मिठास बिखेरी, वहीं जबलपुर से पधारी श्रीमती स्वाति मोदी तिवारी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने शास्त्रीय कला की गरिमा को जीवंत कर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विकास और राष्ट्रभाव की प्रदर्शनी बनी आकर्षण

कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम की गूंज के बीच चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही जिला जनसंपर्क कार्यालय कटनी द्वारा विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

मां सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ

भारत पर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, पीडीजे श्री जितेंद्र कुमार शर्मा, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट श्री भू भास्कर यादव, डिस्ट्रिक्ट जज श्री एस.पी.एस. बुंदेला, सीटीएचएम श्री जे.पी. चिड़ार, डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार श्री अजय कुमार नागेश, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, विंकी सिंहमारे उईके, ज्योति लिल्हारे, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, पर्यावरणविद् एवं सचिव मानव जीवन विकास समिति श्री निर्भय सिंह, नगर निगम उपायुक्त शैलेष गुप्ता सहित अन्य जिला अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान प्रशासनिक सेवाओं में किए गए सराहनीय कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।

भारत पर्व का यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और विकास की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता नजर आया, जिसने गणतंत्र दिवस की संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।

Related Articles

Back to top button