जबलपुर- कल तक धूप छांव के बीच रहीं ठंडी हवाओं के बाद आखिरकार रविवार की सुबह झमाझम बारिश होने लगी। गरज चमक के साथ बरस रहे बादल अपने साथ ओले लेकर भी आए। ओलों का आकार भी बड़ा था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। साथ ठंड भी बढ़ जाएगी। शीत लहर की संभावना भी जताई जा रही है।
14 तक सम्भाग के जिलों में हल्की बारिश के आसार
उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर जबलपुर सम्भाग में नजर आ रहा है। बीते पांच दिन से ठिठुराने वाली ठंड पड़ रही है। शनिवार को शहर में बादल छाए व दिन में कंपकंपी लगी। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 14 फरवरी तक जबलपुर सम्भाग के सभी जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश की आशंका भी जताई थी।
विपरीत हवाओं के संयोजन से होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ने से हवा में नमी आ रही है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आ रही है। 11 फरवरी से विपरीत दिशाओं की हवाओं (उत्तरी-दक्षिणी) का संयोजन होने के कारण बादल बरसने लगे हैं। हवा की दिशा उत्तरी से पूर्वी हो गई है।
बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। 11 से 14 फरवरी के बीच जबलपुर सम्भाग के जबलपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़ा। न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 7.8 डिग्री था, जो शनिवार को 10.2 डिग्री दर्ज हुआ। दिन का अधिकतम तापमान 23.5 से बढ़कर 24.3 डिग्री दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से तीन डिग्री कम था।