15 मिनट में पार कर दी बाइक, लेकिन पुलिस से नहीं बच सका चोर,खदान के पानी में छिपाई चोरी की बाइक बरामद, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

15 मिनट में पार कर दी बाइक, लेकिन पुलिस से नहीं बच सका चोर,खदान के पानी में छिपाई चोरी की बाइक बरामद, स्लीमनाबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए चोरी की बाइक को खदान के गहरे पानी में फेंक दिया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार की गई जांच के चलते उसका यह प्रयास नाकाम साबित हुआ।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिछुआ निवासी आनंद चौधरी ने 25 अप्रैल 2026 को थाना स्लीमनाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल को वह अपने पिता की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-21-एमपी-3911 से किराना सामान लेने ग्राम तेवरी गया था। सुबह करीब 9 बजे उसने तेवरी-लखनवाड़ा मोड़ के पास मोटरसाइकिल खड़ी की और दुकान पर चला गया। कुछ समय बाद लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।
फरियादी द्वारा आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर तेजभान माना उर्फ भुरा कुचबंदिया, निवासी गोसलपुर जिला जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल को अपने गांव के पास स्थित खदान के पानी में फेंक दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ग्राम केवलारी स्थित खेरमाई खदान में तलाशी अभियान चलाया, जहां से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक काशीराम झारिया, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, लखन पटेल, आरक्षक दीपक यादव, विशाल शिवहरे, रजनीश टेकाम तथा साइबर सेल के अजय साकेत और अमित श्रीपाल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
अपराधियों को स्पष्ट संदेश
स्लीमनाबाद पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराध कर सबूत मिटाने की कोशिश करने वाले आरोपी कानून की पकड़ से बच नहीं सकते। पुलिस की तत्परता से चोरी की गई मोटरसाइकिल उसके मालिक को वापस मिलने का रास्ता साफ हुआ है।



