कटनी- कटनी में शनिवार दोपहर बेटे से परेशान होकर एक वृद्धा जिले के मुखिया के पास शिकायत लेकर पहुंच गई। झुकी हुई कमर के कारण दर्द से कराहती हुई बुजुर्ग महिला लाठी का सहारा लेकर करीब डेढ़ सौ मीटर चलकर कलेक्टर के पास पहुंची। कलेक्टर को जैसे ही वृद्धा के आने की खबर मिली, वे कुर्सी छोड़ खुद बाहर आ गए और वृद्धा को कुर्सी पर बैठाकर समस्या जानी। बाद में यह कहकर आश्वस्त किया कि अब आपको कोई परेशान नहीं करेगा।
85 साल की वृद्ध महिला सुशीला तिवारी गनियारी की निवासी हैं। उन्होंने बताया कि पति की मौत हो गई है। दो बेटे हैं, वह उनसे अलग रहती है। छोटा बेटा नरेश तिवारी उसे घर में नहीं रहने देता। पूर्व में मारपीट कर चुका है। पति की मौत के चलते वह बेसहारा हो गई। उसकी औलाद ही उसका साथ नहीं दे रही।
सुशीला ने बताया कि बरसी के बाद बेटा घर में रहने नहीं दे रहा। निस्तार तक नहीं करने दे रहे। छोटा बेटा नरेश तिवारी परेशान करता है। पूर्व में भी एक बार मारपीट कर दिया था तो पुराने एसपी को आकर समस्या बताई थी। कुछ साल वह ठीक रहा और अब फिर परेशान करने लगा है।
अपनी पीड़ा बताते समय वृद्धा की आंखें भर आईं। इस पर कलेक्टर अविप्रसाद ने वृद्धा को शांत कराया। सुशीला ने कलेक्टर से कहा कि तुम अपनी महतारी जैसा समझो जिस पर कलेक्टर ने भी उन्हें आश्वस्त किया। कलेक्टर ने उनसे कहा कि परेशान मत हो अम्मा, अब आपको कोई परेशान नहीं करेगा।