प्रशासनमध्यप्रदेश

विरासत बचाने सड़कों पर उतरे बाइकर्स! रूपनाथ धाम से कंकाली माता मंदिर तक गूंजी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की आवाज,विश्व धरोहर सप्ताह पर जबलपुर के 20 बाइकर्स ने निकाली भव्य रैली, कटनी की दो ऐतिहासिक पुरासंपदाओं का किया भ्रमण; ड्रोन कैमरे में कैद की धरोहरों की खूबसूरती और ऐतिहासिक पहचान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विरासत बचाने सड़कों पर उतरे बाइकर्स! रूपनाथ धाम से कंकाली माता मंदिर तक गूंजी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की आवाज,विश्व धरोहर सप्ताह पर जबलपुर के 20 बाइकर्स ने निकाली भव्य रैली, कटनी की दो ऐतिहासिक पुरासंपदाओं का किया भ्रमण; ड्रोन कैमरे में कैद की धरोहरों की खूबसूरती और ऐतिहासिक पहचान

कलयुग की कलम कटनी – जिले की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों को नई पहचान दिलाने तथा इनके संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर 22 नवंबर को विशेष बाइक रैली का आयोजन किया गया। रूपनाथ धाम से तिग्मा स्थित कंकाली माता मंदिर तक निकली इस रैली में जबलपुर से पहुंचे 20 बाइकर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के साथ प्रतिभागियों ने लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के महत्व और उसे सहेजकर रखने का संदेश दिया।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने जबलपुर से आए बाइकर्स का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पर्यटन प्रभारी कमलेश सैनी के साथ हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली रूपनाथ धाम से प्रारंभ होकर तिग्मा स्थित कंकाली माता मंदिर पहुंची।

इतिहास, आस्था और स्थापत्य कला से रूबरू हुए बाइकर्स

रैली के दौरान प्रतिभागियों को कटनी जिले की यूनेस्को विश्व धरोहर से संबंधित दोनों पुरासंपदाओं के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की जानकारी दी गई। रूपनाथ धाम और कंकाली माता मंदिर की ऐतिहासिक विशेषताओं, धार्मिक महत्ता तथा स्थापत्य कला को करीब से देखने का अवसर मिला। इस दौरान बाइकर्स ने दोनों स्थलों की सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक सुंदरता को भी जाना।

ड्रोन कैमरे में कैद की ऐतिहासिक धरोहरों की खूबसूरती

जबलपुर से आए 20 सदस्यीय बाइकर्स दल के प्रमुख पवन कुमार ने भ्रमण को सुखद और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि दोनों ऐतिहासिक स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता, विशिष्ट पहचान और पुरातात्विक महत्व ने उन्हें काफी प्रभावित किया। दल ने ड्रोन कैमरे की मदद से दोनों पुरास्थलों की आकर्षक वीडियो रिकॉर्डिंग भी की, ताकि इनकी खूबसूरती और विशेषताओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।

नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने की अनूठी पहल

विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान आयोजित यह बाइक रैली केवल एक पर्यटन गतिविधि नहीं, बल्कि जिले की ऐतिहासिक पहचान को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास रही। ऐसे आयोजनों से युवाओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में पुरातात्विक धरोहरों के प्रति रुचि बढ़ती है। साथ ही इनके संरक्षण और संवर्धन में सामुदायिक भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलता है। अपनी ऐतिहासिक विरासत को पहचानना और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना ही इस आयोजन का प्रमुख संदेश रहा।

Related Articles

Back to top button