जनसंवाद में कलेक्टर ने सुनीं 84 ग्रामीणों की समस्याएं, 60 लाख के बस स्टैंड निर्माण का किया औचक निरीक्षण,विलायतकलां में अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों के निराकरण के निर्देश, बड़वारा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसंवाद में कलेक्टर ने सुनीं 84 ग्रामीणों की समस्याएं, 60 लाख के बस स्टैंड निर्माण का किया औचक निरीक्षण,विलायतकलां में अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों के निराकरण के निर्देश, बड़वारा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर
कलयुग की कलम बड़वारा – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत विलायतकलां में आयोजित जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में 84 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम जितेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित समस्याएं और मांगें रखीं। कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनकर अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में समय-सीमा और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर समाप्त होने के बाद भी कलेक्टर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी अन्य समस्याओं की जानकारी ली।
60 लाख के बस स्टैंड निर्माण में गुणवत्ता पर जोर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने विकासखंड मुख्यालय बड़वारा में करीब 60 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन बस स्टैंड भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा पवार, तहसीलदार ऋषि गौतम तथा पर्यावरणविद एवं सचिव मानव जीवन विकास निर्भय सिंह मौजूद रहे।
कलेक्टर ने मुख्य सड़क से बस स्टैंड तक पहुंच मार्ग के गड्ढों की भराई कराकर समतलीकरण कराने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो। निर्माणाधीन परिसर में मुख्य भवन के भीतर तीन दुकानें, यात्रियों के लिए एक बड़ा प्रतीक्षालय और दो प्रसाधन बनाए जा रहे हैं। वहीं, बाहरी परिसर में 12 दुकानों का निर्माण भी जारी है।



