जय माता दी के जयकारों से गूंजा उमरियापान, 211 मीटर की चुनरी लेकर उमड़े श्रद्धालु,लाल चुनरी बड़ी माई और काली चुनरी मां महाकाली को की गई अर्पित, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों सहित सर्वसमाज ने निभाई सहभागिता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जय माता दी के जयकारों से गूंजा उमरियापान, 211 मीटर की चुनरी लेकर उमड़े श्रद्धालु,लाल चुनरी बड़ी माई और काली चुनरी मां महाकाली को की गई अर्पित, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों सहित सर्वसमाज ने निभाई सहभागिता
कलयुग की कलम उमरिया पान – शारदेय नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार को उमरियापान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। श्री श्री 1008 बनवारी दास महाराज एवं भक्तगण के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में सर्वसमाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जय माता दी के जयकारों के बीच माता रानी को 211 मीटर लंबी लाल और 211 मीटर लंबी काली चुनरी अर्पित की गई।
बड़ी माई के दरबार से निकली लाल चुनरी यात्रा
सुबह 8 बजे मचखंडा मोहल्ला स्थित बड़ी माई के दरबार से लाल चुनरी यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक होते हुए प्राचीन बड़ी माई मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से 211 मीटर लंबी लाल चुनरी माता रानी को समर्पित की गई।
इसके बाद बड़ी माई मंदिर से काली चुनरी यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड होते हुए बानी समाज महाकाली दुर्गोत्सव समिति के पंडाल पहुंचे। यहां 211 मीटर लंबी काली चुनरी मां महाकाली के चरणों में अर्पित की गई।
धार्मिक आयोजन में दिखी सामाजिक एकता
दोनों यात्राओं में सर्वसमाज की भागीदारी ने धार्मिक आयोजन को विशेष बना दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन के सेवक अतुल असाटी एवं प्रमोद असाटी सहित समस्त भक्तगण ग्राम उमरियापान ने सभी श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।



