निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं! समय पर काम पूरा कर जारी करें पूर्णता प्रमाण पत्र : सीईओ कौर,संबल योजना के हितग्राहियों को तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश, अधूरे निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा; शाला निरीक्षण में कम प्रगति पर जताई नाराजगी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं! समय पर काम पूरा कर जारी करें पूर्णता प्रमाण पत्र : सीईओ कौर,संबल योजना के हितग्राहियों को तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश, अधूरे निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा; शाला निरीक्षण में कम प्रगति पर जताई नाराजगी
कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। कार्य पूर्ण होने के बाद पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) जारी करने में अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के प्रकरणों को संवेदनशीलता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए त्वरित एवं परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
योजनाओं की समीक्षा के दौरान सुश्री कौर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों को नियमित रूप से ग्राम पंचायतों का भ्रमण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने तथा योजनाओं की जमीनी प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों के निराकरण में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अधूरे निर्माण कार्यों की जनपदवार समीक्षा
बैठक में विभिन्न जनपद पंचायतों में अपूर्ण निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण की स्थिति और प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
सुश्री कौर ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका समय पर धरातलीय क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
शाला निरीक्षण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी
बैठक के दौरान शालाओं के निरीक्षण कार्यों की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जनपद पंचायत कटनी के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई। संबंधित अधिकारी को निरीक्षण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
संबल योजना के मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के प्रकरणों पर विशेष जोर देते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें, ताकि जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर सहायता मिल सके।
बीबीजी राम जी योजना में रोजगार बढ़ाने पर जोर
बीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत श्रमिकों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीन कार्य प्रारंभ करने और कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण, ग्राम पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सुश्री कौर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समय पर निराकरण करने और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी, उपायुक्त विकास श्री के.के. पांडेय, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



