एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

तीन साल बाद भी सिहोरा जिला का सपना अधूरा, अब भाजपा नेताओं के घर पहुंचा आंदोलन,स्मृति ईरानी की चुनावी घोषणा का ऑडियो सुनाकर समिति सौंप रही स्मरण पत्र, भाजपा नेताओं से पूछा—वादे पर अमल कब?

कलयुग की कलम से राकेश यादव

तीन साल बाद भी सिहोरा जिला का सपना अधूरा, अब भाजपा नेताओं के घर पहुंचा आंदोलन,स्मृति ईरानी की चुनावी घोषणा का ऑडियो सुनाकर समिति सौंप रही स्मरण पत्र, भाजपा नेताओं से पूछा—वादे पर अमल कब?

कलयुग की कलम सिहोरा – सिहोरा को जिला बनाने की मांग अब एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी द्वारा सिहोरा में जिला बनाने के प्रस्ताव को लेकर की गई घोषणा को आधार बनाकर लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने भाजपा नेताओं के घर तक पहुंचकर उन्हें वादा याद दिलाने का अभियान शुरू कर दिया है। समिति के सदस्य नेताओं को घोषणा का ऑडियो सुनाने के बाद स्मरण पत्र सौंप रहे हैं।

अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को समिति के सदस्य भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष शिशिर पांडे के निवास पहुंचे। यहां समिति ने स्मृति ईरानी की चुनाव पूर्व घोषणा का ऑडियो सुनाया और सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर स्मरण पत्र सौंपा।

समिति का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान सिहोरा को जिला बनाने का मुद्दा सार्वजनिक रूप से सामने आया था। सरकार के गठन को लगभग तीन वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन जिला बनाने की दिशा में अभी तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। समिति ने सवाल उठाया कि चुनाव के दौरान किया गया वादा आखिर कब धरातल पर उतरेगा।

‘घोषणा से मुकरना संभव नहीं’—शिशिर पांडे

स्मरण पत्र प्राप्त करने के बाद भाजपा नेता शिशिर पांडे ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सिहोरा को जिला बनाने को लेकर स्मृति ईरानी ने उनके सामने घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि इस विषय को सिहोरा विधायक और पार्टी संगठन के माध्यम से वरिष्ठ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। सिहोरा को जिला बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

अब पूर्व विधायक के निवास पर पहुंचेगा आंदोलन

आंदोलन समिति ने अभियान को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है। समिति के अनुसार शनिवार को सदस्य पूर्व विधायक दिलीप दुबे एवं नगरपालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे के निवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान उन्हें भी चुनाव पूर्व की गई घोषणा का ऑडियो सुनाकर स्मरण पत्र सौंपा जाएगा।

समिति ने स्पष्ट किया कि उसका अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं है। उसका उद्देश्य भाजपा नेताओं और सरकार को चुनाव के दौरान किए गए वादे की याद दिलाना तथा सिहोरा को जिला बनाने की मांग पर ठोस पहल के लिए दबाव बनाना है।

चुनावी वादे पर उठ रहे सवाल

आंदोलन समिति के अभियान के बाद सिहोरा में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। समिति का सवाल है कि यदि चुनाव के दौरान सिहोरा को जिला बनाने का वादा सार्वजनिक रूप से किया गया था, तो उसके क्रियान्वयन की दिशा में अब तक क्या प्रगति हुई है।

समिति ने कहा कि आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को फिर जनता के बीच जाना होगा। ऐसे में सिहोरा जिला बनाने के वादे पर जनता को जवाब देना पड़ेगा। समिति का कहना है कि अब सिहोरा की जनता केवल आश्वासन नहीं चाहती, बल्कि जिला बनाने की दिशा में ठोस निर्णय, स्पष्ट प्रक्रिया और समयबद्ध कार्रवाई चाहती है।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

शुक्रवार के अभियान में अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, नंदकुमार परोहा, रामजी शुक्ला, अनिल खंपरिया, संतोष वर्मा, संजय पाठक, उमेश चौबे, प्रदीप दुबे, राकेश पाठक, संतोष पांडे, सुनील कुररिया, सुमित शुक्ला, शरद सेठ, मोहन सोंधिया, सुदामा गुप्ता, घनश्याम महोबिया सहित बड़ी संख्या में सिहोरा वासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button