Blogमध्यप्रदेश
एमपी के छतरपुर में थाने पर हुए पथराव मामले में CM मोहन यादव ने दिये सख्त कार्रवाई के निर्देश, बोले- ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट
मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर के कोतवाली थाने पर हुए पथराव के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि कोई भी सुनियोजित तरीके से कानून हाथ में ले, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने घटना की उच्च अधिकारियों से जानकारी ली और जवानों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- आज छतरपुर जिले में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलने पर तुरंत उच्च अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जवानों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश ‘शांति का प्रदेश’ है, कोई भी सुनियोजित तरीके से कानून को हाथ में ले यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैनें पुलिस के उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्यवाही की जाए जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। प्रदेश में शांति और सौहार्द बना रहे यही हमारी प्राथमिकता है।




