प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्रामीण महिलाओं के सम्मान में सजा तेवरी, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण का दिया संदेश,अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर जागरूकता सह सम्मान समारोह आयोजित, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा और सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्रामीण महिलाओं के सम्मान में सजा तेवरी, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण का दिया संदेश,अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर जागरूकता सह सम्मान समारोह आयोजित, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा और सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड बहोरीबंद की महिला एवं बाल हितैषी ग्राम पंचायत तेवरी में अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर जागरूकता सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मिशन शक्ति के अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक नेतृत्व को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत कटनी की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मातृशक्तियों की उपस्थिति रही।

शिक्षित बनें बेटियां, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हों महिलाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और पढ़-लिखकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने तथा उन्हें विकास के अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

वहीं, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं शिक्षा, कृषि, स्व-सहायता समूहों और पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराना सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम है।

महिलाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के अनुभव

समारोह में ग्राम पंचायत की सरपंच सुश्री काजल रजक ने महिला सहभागिता और नेतृत्व की भूमिका पर अपने विचार रखे। श्रीमती अर्चना रजक एवं श्रीमती लता श्रीवास ने आजीविका मिशन के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्राप्त अनुभव साझा किए।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अपराजिता जैन ने महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षिका श्रीमती ज्योति नायक एवं श्रीमती सारिका ठाकुर ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति के साथ सामने आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने महिलाओं को जागरूक बनकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा, खेल, समाजसेवा और स्वरोजगार में योगदान देने वाली महिलाएं सम्मानित

समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, समाजसेवा एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम विकास तथा जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिला सरपंचों एवं पंच जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाने के साथ अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को भी आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार, सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ श्री अभिषेक कुमार झा, परियोजना अधिकारी श्री सतीश पटेल, श्री पंकज नामदेव, श्री कमल सिंह, उपसरपंच श्री सुशील कुशवाहा, बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button