जनसुनवाई में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, कलेक्टर ने सुनीं 174 लोगों की समस्याएं,कहीं अधूरे सामुदायिक भवनों की शिकायत, तो कहीं खराब बीज और बिजली बिल का मामला; कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, कलेक्टर ने सुनीं 174 लोगों की समस्याएं,कहीं अधूरे सामुदायिक भवनों की शिकायत, तो कहीं खराब बीज और बिजली बिल का मामला; कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 174 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना, प्रसूति सहायता राशि, ऋण, भूमि संबंधी विवाद सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदनों के निराकरण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अधूरे सामुदायिक भवनों की जांच की मांग
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत बिलहरी निवासी सौरभ चौरसिया ने ग्राम में निर्माणाधीन तीन सामुदायिक भवनों के अपूर्ण होने का मामला उठाया। उन्होंने इन भवनों की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, ग्राम बिरूहली के समस्त ग्रामवासियों ने क्षमता स्व-सहायता समूह बिरूहली को शासकीय उचित मूल्य की दुकान आवंटित करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
खराब बीज बिक्री और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतें
ग्राम जुगिया निवासी विजय कुमार ने खराब किस्म का बीज विक्रय किए जाने की शिकायत करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। ग्राम मदनपुरा निवासी मनोज कुशवाहा ने लगभग एक वर्ष से विद्युत मीटर खराब होने तथा इसके बावजूद अनावश्यक बिजली बिल जारी होने की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया।
इसी प्रकार ग्राम गाताखेड़ा निवासी भोलाराम चौधरी ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया। वहीं, ग्राम गुड़गड़ौही निवासी रवि कुमार यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग करते हुए अपना आवेदन प्रस्तुत किया।
अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करने तथा पात्रता एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी, श्रीमती ज्योति लिल्हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



