प्रशासनमध्यप्रदेश

गौरा के शिक्षक महेन्द्र सिंह ठाकुर को मिलेगा राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान,शिक्षा के साथ बदली स्कूल की तस्वीर, आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे सम्मानित,शिक्षक दिवस पर भोपाल में होगा सम्मान समारोह, शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र से होंगे सम्मानित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गौरा के शिक्षक महेन्द्र सिंह ठाकुर को मिलेगा राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान,शिक्षा के साथ बदली स्कूल की तस्वीर, आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे सम्मानित,शिक्षक दिवस पर भोपाल में होगा सम्मान समारोह, शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र से होंगे सम्मानित

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के ग्राम गौरा स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक महेन्द्र सिंह ठाकुर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

शनिवार 5 सितंबर को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल श्री ठाकुर को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

2015 से विद्यालय के कायाकल्प में जुटे

महेन्द्र सिंह ठाकुर ने वर्ष 2015 में विद्यालय का प्रभार संभालने के बाद स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने शिक्षक साथियों, विद्यार्थियों, पालकों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को साथ लेकर विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए।

‘अपनी शाला—अपना दायित्व’ की भावना के साथ उन्होंने विद्यालय विकास को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया। उनके प्रयासों से विद्यालय परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार हुआ और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी प्रभावी कार्य हुआ।

विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए श्री ठाकुर ने अपने व्यक्तिगत संसाधनों से भी सहयोग किया। भवन की मरम्मत एवं पुताई, शैक्षणिक चित्रकारी, खेल मैदान का समतलीकरण तथा विद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

कलेक्टर ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को सराहा

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गत 14 अगस्त को कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्राम गौरा स्थित विद्यालय का भ्रमण किया था। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक समझ, विद्यालय की व्यवस्थाओं और वहां के वातावरण का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा तथा जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद थीं।

कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए शिक्षक महेन्द्र सिंह ठाकुर को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने और विद्यालय में बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए श्री ठाकुर द्वारा किए गए प्रयास जिले के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।

गौरा के एक शिक्षक का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में समर्पण और नवाचार के जरिए शिक्षा की तस्वीर बदलने वाले शिक्षकों के लिए भी गौरव का अवसर है।

Related Articles

Back to top button