पिपरिया सहलावन में कार्यशाला आयोजित पर्यावरण संरक्षण हेतु मिट्टी के गणेश बनाने दिया गया प्रशिक्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पिपरिया सहलावन में कार्यशाला आयोजित पर्यावरण संरक्षण हेतु मिट्टी के गणेश बनाने दिया गया प्रशिक्षण
कलयुग की कलम उमरिया पान– मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड ढीमरखेड़ा द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों , नवांकुर सखी की सक्रियता हेतु एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन राम कुंडी आश्रम पिपरिया सहलावन में किया गया।


कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन करके किया गया।
ग्राम विकास प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित विभाग पर्यावरण प्रमुख बृजेश पटेल ने उद्बोधन में बताया की ग्राम विकास के आयामों प्रस्फुटन समितियों को रचनात्मक सोच के साथ हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए सक्रियता पूर्वक प्रयास करना है, जिससे ग्राम विकास के लिए सभी लोग अपने अधिकारों की तरह अपने कर्तव्यों को भी महत्व दें। वहीं रामेश्वर पटेल ने कविता के माध्यम से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने के लिए प्रेरित किया। जबकि नरेश कुमार ने नशामुक्ति पर कविता शैली में नशे से होने वाली हानि के कारणों को प्रकट करते हुए नशा न करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही वर्तमान परिवेश में ग्रामविकास में युवाओं की भूमिका पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने प्रशिक्षण हेतु निर्धारित विषयों पर चर्चा करते हुए उनके कार्य दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम में संस्कार केंद्र संचालन के माध्यम से नन्हे-मुन्ने बच्चों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आवश्यक संस्कारों का निर्माण करना है। बड़ों के प्रति सम्मान का भाव, अच्छे बुरे का ज्ञान, योग आसन की जानकारी सहित बचपन से ही बड़े लोगों के प्रति आदर, सम्मान, शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति उनकी जवाबदारी का ज्ञान कराना है। प्रस्फुटन समितियों द्वारा ग्राम विकास के मूलभूत विषयों जैसे सबके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छता, जैविक एवं उन्नत कृषि पर स्वयं अपना कौशल बढ़ाते हुए ग्राम में भी एक सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा।
कार्यक्रम में मिट्टी कलाकार गीता के द्वारा माटी गणेश ,सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत मिट्टी के गणेश बनाने संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तत्पश्चात उपस्थित प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करके स्वयं कार्यशाला स्थल पर मिट्टी के गणेश अपने हाथों से बनाए और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने योगदान हेतु संकल्प लिया। कार्यशाला का संचालन श्री प्रकाशनाथ साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में समाज सेवी विनोद साहू, राजेंद्र गर्ग, दिनेश असाटी, कैलाश साहू, सेक्टर प्रभारी कोदू लाल हल्द्कार, सेक्टर प्रभारी सुरेश दुबे, परामर्श दाता सुमित सिंह ठाकुर, सतेन्द्र सिंह एवं समिति सदस्यों व छात्र नीता, शालिनी, मोनिका, कल्पना की उपस्थिति रही।




