गांवों के विकास की योजनाओं पर आज मंथन, कल जिला पंचायत की सामान्य सभा,पंचायत से बिजली-पानी तक होगी गहन समीक्षा, अधिकारियों से मांगा गया योजनाओं का अपडेट और प्रगति का पूरा ब्यौरा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांवों के विकास की योजनाओं पर आज मंथन, कल जिला पंचायत की सामान्य सभा,पंचायत से बिजली-पानी तक होगी गहन समीक्षा, अधिकारियों से मांगा गया योजनाओं का अपडेट और प्रगति का पूरा ब्यौरा
कलयुग की कलम कटनी – जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जमीनी प्रगति को लेकर आज मंगलवार, 8 सितंबर को जिला पंचायत में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। दोपहर 3 बजे से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम, विद्युत तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। बैठक में अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों और प्रगति का विस्तृत ब्यौरा लिया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से नल-जल योजनाओं, पानी एवं वाश समितियों के गठन, संबल पंजीयन, ग्राम पंचायतों में विद्युत कनेक्शन तथा बिजली बिलों के भुगतान की स्थिति पर फोकस रहेगा। इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, विकसित भारत-जीरामजी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत राज, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, वाटरशेड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की भी समीक्षा होगी।
सीएम हेल्पलाइन और लंबित मामलों पर भी रहेगी नजर
समीक्षा के दौरान जिला पंचायत की विधि शाखा से संबंधित मामलों और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति भी देखी जाएगी। अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी भी ली जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जा सके।
बड़े अमले के साथ अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण कंपनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, पीएचई के एसडीओ, जनपद शिक्षा केंद्रों के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, सहायक यंत्री, उपयंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मैदानी अधिकारी और पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे।
विकसित भारत-जीरामजी मिशन, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, वाटरशेड और एनआरएलएम से जुड़े ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी निर्धारित जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होंगे।
कल होगी जिला पंचायत की सामान्य सभा
12 अगस्त की स्थगित बैठक अब 9 सितंबर को, विभाग प्रमुखों को जानकारी सहित पहुंचने के निर्देश
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक बुधवार, 9 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। पूर्व में 12 अगस्त को प्रस्तावित बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई थी। अब इसे निर्धारित तिथि पर आयोजित किया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी संबंधित विभाग प्रमुखों एवं जिला पंचायत के प्रभारी अधिकारियों को बैठक में निर्धारित समय और स्थान पर विभागीय जानकारी के साथ स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। लगातार दो दिनों तक होने वाली इन महत्वपूर्ण बैठकों में ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों, योजनाओं की प्रगति और विभागीय कार्यों की स्थिति पर विस्तार से मंथन होगा।



