फर्जी दस्तावेज सत्यापन मामले में कलेक्टर सख्त, प्राचार्य की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,समय-सीमा बैठक में लापरवाही पर जताई नाराजगी, आंगनबाड़ी निर्माण से लेकर सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

फर्जी दस्तावेज सत्यापन मामले में कलेक्टर सख्त, प्राचार्य की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश,समय-सीमा बैठक में लापरवाही पर जताई नाराजगी, आंगनबाड़ी निर्माण से लेकर सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
कलयुग की कलम कटनी – शासकीय कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अतिथि शिक्षक के कूट रचित एवं फर्जी दस्तावेजों के सत्यापन के मामले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरजीकलां के प्रभारी प्राचार्य राज कुमार धुर्वे की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 16 अक्टूबर को बिलहरी में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के लिए चयनित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नवीन आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने, गर्भवती महिलाओं की जांच सुनिश्चित करने और मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास योजनाओं, कुपोषित बच्चों की स्थिति और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने आयोगों, लोकायुक्त और सीएम मॉनिट से संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई कर प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने तथा स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



