प्रशासनमध्यप्रदेश

अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा छापा,50 प्रकार की दवाइयां जब्त, “बेस्ट केयर क्लीनिक” सील,झोलाछाप डॉक्टरों पर प्रशासन सख्त, जिलेभर में कार्रवाई की उठी मांग

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा छापा,50 प्रकार की दवाइयां जब्त, “बेस्ट केयर क्लीनिक” सील,झोलाछाप डॉक्टरों पर प्रशासन सख्त, जिलेभर में कार्रवाई की उठी मांग

कलयुग की कलम कटनी बड़वारा – जिले में फर्जी चिकित्सकों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने विकासखंड बड़वारा के ग्राम विलायतकला में संचालित “बेस्ट केयर क्लीनिक” पर छापामार कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में दवाइयां जब्त की गईं और कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला स्तरीय टीम ने क्लीनिक की जांच की, जिसमें जिला चिकित्सालय के सर्जिकल स्पेशलिस्ट डॉ. रीतेश दुबे एवं प्रभारी नर्सिंग होम श्री नितिन तपा शामिल रहे। जांच के दौरान पाया गया कि क्लीनिक का संचालन जाकिर हुसैन द्वारा किया जा रहा था। संचालक ने स्वयं को बीएएमएस डिग्रीधारी बताया, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही मध्यप्रदेश मेडिकल काउंसिल में अनिवार्य पंजीयन भी नहीं कराया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि बिना वैध अनुमति के क्लीनिक में मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। परिसर में पांच बिस्तर पाए गए तथा बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां भी बरामद हुईं। जबकि आयुर्वेद पद्धति से जुड़े चिकित्सक को निर्धारित नियमों के तहत सीमित अधिकार प्राप्त होते हैं, इसके बावजूद यहां एलोपैथिक उपचार किया जा रहा था।

स्वास्थ्य विभाग ने मध्यप्रदेश उपचारगृह तथा रुजोपचार संबंध स्थापना अधिनियम 1973 की धारा 3 एवं 4 के तहत कार्रवाई करते हुए क्लीनिक से करीब 50 प्रकार की दवाइयां जब्त कर क्लीनिक को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बड़वारा श्री हर्षवर्धन रामटेके, थाना प्रभारी श्री के.के. पटेल एवं क्षेत्रीय पटवारी भी मौजूद रहे।

सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, फर्जी चिकित्सकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना डिग्री और बिना पंजीयन के इलाज करने वाले कई क्लीनिक संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। ऐसे में लोगों ने मांग उठाई है कि प्रशासन जिलेभर में व्यापक जांच अभियान चलाकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले सभी अवैध क्लीनिकों पर कठोर कार्रवाई करे।

Related Articles

Back to top button