प्रशासनमध्यप्रदेश

बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार की पहल, कटनी जिले में सामूहिक विवाह के आयोजन की तैयारी! मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत अलग-अलग चरणों में होंगे आयोजन, कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार की पहल, कटनी जिले में सामूहिक विवाह के आयोजन की तैयारी! मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत अलग-अलग चरणों में होंगे आयोजन, कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत कटनी जिले में सामूहिक विवाह आयोजनों की तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी, समस्त जनपद पंचायतों और संबंधित नगर परिषदों के अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के लिए निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन प्राप्त करने, पात्रता का परीक्षण करने और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित निकायों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र परिवारों तक जानकारी पहुंचाने के लिए भी कहा गया है।

इन तारीखों पर होंगे सामूहिक विवाह आयोजन

जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में विभिन्न निकायों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा में आयोजन संपन्न हो चुके हैं। आगामी कार्यक्रमों का विवरण इस प्रकार है।

20 नवंबर 2026, शुक्रवार देवउठनी ग्यारस के अवसर पर नगर निगम कटनी, जनपद पंचायत बहोरीबंद एवं नगर परिषद बरही में सामूहिक विवाह आयोजन होंगे।

12 दिसंबर 2026, शनिवार जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि पर जनपद पंचायत कटनी एवं ढीमरखेड़ा तथा नगर परिषद कैमोर एवं विजयराघवगढ़ में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

11 फरवरी 2027, गुरुवार बसंत पंचमी के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, रीठी एवं बड़वारा में सामूहिक विवाह समारोह संपन्न होंगे।

आवेदन की अंतिम तारीखें, समय रहते जमा करें फॉर्म

उपसंचालक श्री अनुराग मोदी ने बताया कि आगामी सामूहिक विवाह आयोजनों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। विवाह आयोजन की तारीखों के क्रम में आवेदन की अंतिम तिथियां इस प्रकार हैं।

20 नवंबर 2026 के आयोजन के लिए: 5 नवंबर 2026

12 दिसंबर 2026 के आयोजन के लिए: 28 नवंबर 2026

11 फरवरी 2027 के आयोजन के लिए: 28 जनवरी 2027

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए पात्र हितग्राहियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित निकाय में आवेदन जमा करना होगा।

आवेदनों की जांच से लेकर स्वीकृति तक तय समय-सीमा

कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, पात्रता के आधार पर स्वीकृति अथवा अस्वीकृति, पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने और आमंत्रण पत्र वितरित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होगी।

जिले में एक निर्धारित तिथि पर 200 से अधिक विवाह आयोजित न हों, इस उद्देश्य से निकायवार आयोजन की तिथियां तय की गई हैं। अधिकारियों को योजना के प्रावधानों और आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित निकायों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों और आवेदन की अंतिम समय-सीमा की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र परिवार समय रहते आवेदन कर सकें और योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित न रहें।

Related Articles

Back to top button