प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब“कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनी 167 फरियादें, अफसरों को मौके पर दिए सख्त निर्देश”

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब“कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनी 167 फरियादें, अफसरों को मौके पर दिए सख्त निर्देश”

कलयुग की कलम कटनी उमरिया पान – जिले की आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने 167 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम चरगवां निवासी अजय सेन ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पिता धानू सेन के नाम दर्ज भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर मकान बना लिया गया है, वहीं शेष भूमि पर बिना मुआवजे के सीसी रोड का निर्माण कर दिया गया। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार स्लीमनाबाद और भू-अभिलेख शाखा को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी दौरान ग्राम कटनी निवासी अभिषेक कुमार दुबे ने शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति की मांग रखी। उन्होंने बताया कि उनके पिता पीएमश्री स्कूल बाकल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और सेवाकाल के दौरान उनका निधन हो गया था। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

तेवरी निवासी दीपाली ने आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि गलत जन्मतिथि के कारण पढ़ाई और अन्य दस्तावेजी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस विभाग को तत्काल सुधार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम बड़खेरा की बुजुर्ग महिला धोखियाबाई ने वृद्धावस्था पेंशन पुनः शुरू कराने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पिछले आठ माह से उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को पात्रता अनुसार शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button