CM मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु ने 21 जोड़ों संग किया सामूहिक विवाह — सादगी भरा आयोजन बना देशभर में चर्चा का विषय
कलयुग की कलम से राकेश यादव

CM मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु ने 21 जोड़ों संग किया सामूहिक विवाह — सादगी भरा आयोजन बना देशभर में चर्चा का विषय
कलयुग की कलम कटनी – मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव ने रविवार, 30 नवंबर को उज्जैन में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में डॉ. इशिता यादव के साथ विवाह कर लिया। इस अनोखे एवं सादगीपूर्ण समारोह में कुल 21 जोड़े एक साथ परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री के बेटे की सामूहिक विवाह में शादी होना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

भव्य जुलूस, पर सादगी का संदेश
शादी समारोह में सभी 21 दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे घोड़ी और आकर्षक गाड़ियों पर सवार होकर स्थल पर पहुंचे। भीड़ के बीच भव्य बारात ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा, वहीं सामूहिक विवाह की सादगीपूर्ण परंपरा ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा“प्रधानमंत्री हमेशा से सादगीपूर्ण विवाह का संदेश देते आए हैं। उसी भावना के साथ सभी लोग एक साथ विवाह कर रहे हैं।”
विवाह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा“सामूहिक विवाह समारोह में विवाह कर एक बहुत बड़ा सामाजिक संदेश दिया गया है। यह परंपरा समाज को नई दिशा देती है।”दूल्हा डॉ. अभिमन्यु यादव ने भी अपने विवाह को लेकर कहा—“यह मेरे लिए शाही शादी है, क्योंकि मेरे साथ इतने सारे दूल्हे मौजूद हैं।”
वर-वधू दोनों डॉक्टर, ग्रामीण पृष्ठभूमि से दुल्हन
अभिमन्यु यादव एमबीबीएस और मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की डिग्री धारक हैं दुल्हन डॉ. इशिता यादव मूल रूप से खरगोन जिले के किसान दिनेश पटेल यादव की बेटी हैं और स्वयं भी एमबीबीएस डॉक्टर हैं।
मुख्यमंत्री के प्रयास की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सामूहिक विवाह को अपनाकर समाज में एक सकारात्मक और सरल जीवनशैली का संदेश दिया है।“उन्होंने जो उदाहरण पेश किया है, वह सराहनीय है। उनके संकल्प के परिणामस्वरूप आज उनके बेटे सहित 21 जोड़े दांपत्य जीवन में प्रवेश कर रहे हैं।




