दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं,20 अक्टूबर को निकलेगा विसर्जन चल समारोह, अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर प्रमुख मार्गों और घाट तक पहुंचने वाले रास्तों का लिया जायजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं,20 अक्टूबर को निकलेगा विसर्जन चल समारोह, अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर प्रमुख मार्गों और घाट तक पहुंचने वाले रास्तों का लिया जायजा
कलयुग की कलम कटनी – दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार शाम कलेक्टर आशीष तिवारी ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 20 अक्टूबर को होने वाले विसर्जन चल समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से भ्रमण शुरू कर सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शेर चौक और आजाद चौक तक के मार्गों का निरीक्षण किया। इसके बाद आजाद चौक से गाटर घाट स्थित विसर्जन कुंड तक पहुंचने वाले मार्ग की व्यवस्थाएं भी देखीं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम जितेन्द्र पटेल, बिजली विभाग के शहर डीई मुकेश महोबे तथा नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक मौजूद रहे।
विसर्जन मार्गों पर व्यवस्थाओं का जायजा
प्रशासनिक अधिकारियों ने विसर्जन चल समारोह के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों का भ्रमण जारी रहा।



