उमरियापान में भक्ति की त्रिवेणी: देवी जागरण में झूमे श्रद्धालु, रामलीला में सूर्पनखा की नाक कटी तो प्रोजेक्टर पर सीता की खोज में निकले हनुमान,न्यू बस स्टैंड पर देवी जागरण में उमड़ी भीड़, कटरा बाजार में रामलीला के सजीव मंचन और झंडा चौक पर प्रोजेक्टर से रामायण का प्रसारण बना आकर्षण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान में भक्ति की त्रिवेणी: देवी जागरण में झूमे श्रद्धालु, रामलीला में सूर्पनखा की नाक कटी तो प्रोजेक्टर पर सीता की खोज में निकले हनुमान,न्यू बस स्टैंड पर देवी जागरण में उमड़ी भीड़, कटरा बाजार में रामलीला के सजीव मंचन और झंडा चौक पर प्रोजेक्टर से रामायण का प्रसारण बना आकर्षण
कलयुग की कलम उमरिया पान – नगर में चल रहे धार्मिक आयोजनों के बीच न्यू बस स्टैंड पर आयोजित भव्य देवी जागरण, कटरा बाजार की रामलीला और झंडा चौक पर प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई जा रही रामायण ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। तीनों स्थानों पर धर्म और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। देवी गीतों की गूंज, रामलीला के सजीव प्रसंग और रामायण के दृश्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

देवी जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
न्यू बस स्टैंड पर आयोजित देवी जागरण में माताओं-बहनों, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु जहां जगह मिली, वहीं बैठकर माता रानी के भजनों का आनंद लेते नजर आए। आर्केस्ट्रा संचालक सोलू पटेल और उनकी टीम ने मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। राधा-कृष्ण और माता रानी की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखकर भक्त भावविभोर हो उठे।
रामलीला में सूर्पनखा की नाक कटने और खर-दूषण वध का मंचन
कटरा बाजार में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने सूर्पनखा की नाक कटने, खर-दूषण वध और माता सीता के हरण जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का सजीव मंचन किया। पात्रों के अभिनय के माध्यम से रामायण की कथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मंचन देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही और धार्मिक प्रसंगों ने लोगों को मर्यादा, धर्म तथा सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
झंडा चौक पर प्रोजेक्टर से रामायण, सीता की खोज में निकले हनुमान
झंडा चौक पर प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई जा रही रामायण भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का प्रसारण किया जा रहा है। इसी क्रम में हनुमान जी के माता सीता की खोज में निकलने का प्रसंग दिखाया गया, जिसे दर्शकों ने उत्सुकता से देखा। नगर में धार्मिक आयोजनों के चलते वातावरण भक्तिमय बना हुआ है और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।



