उमरियापान में 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा, 211 मीटर की लाल और काली चुनरी मां के दरबार में होगी अर्पित,सुबह 8 बजे मचखंडा मोहल्ला से शुरू होगी यात्रा, कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक से गुजरेंगे श्रद्धालु
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान में 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा, 211 मीटर की लाल और काली चुनरी मां के दरबार में होगी अर्पित,सुबह 8 बजे मचखंडा मोहल्ला से शुरू होगी यात्रा, कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक से गुजरेंगे श्रद्धालु
कलयुग की कलम उमरिया पान – शारदेय नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी उमरियापान में 15 अक्टूबर, गुरुवार को विशाल चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। श्री श्री 1008 बनवारी दास महाराज एवं समस्त भक्तगण के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली यात्रा में 211 मीटर लंबी लाल और 211 मीटर लंबी काली चुनरी माता रानी को अर्पित की जाएगी।
आयोजन के तहत पहली लाल चुनरी यात्रा मचखंडा मोहल्ला स्थित बड़ी माई के दरबार से प्रारंभ होगी। यह यात्रा कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक से होते हुए प्राचीन बड़ी माई मंदिर पहुंचेगी, जहां माता रानी को 211 मीटर लंबी लाल चुनरी अर्पित की जाएगी।
वहीं दूसरी काली चुनरी यात्रा बड़ी माई मंदिर से प्रारंभ होकर झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड होते हुए बानी समाज महाकाली दुर्गोत्सव समिति के मां महाकाली पंडाल पहुंचेगी। यहां 211 मीटर लंबी काली चुनरी माता को समर्पित की जाएगी।
आयोजन समिति की अपील
विशाल चुनरी यात्रा के सेवक अतुल असाटी एवं प्रमोद असाटी ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन समिति समस्त भक्तगण ग्राम उमरियापान ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है।



