एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

बंजारी के पास भीषण बस हादसा: 16 वर्षीय किशोरी की मौत, 42 यात्री घायल; कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल! 13 घायलों को बेहतर उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल किया गया रेफर, कलेक्टर आशीष तिवारी ने डॉक्टरों को दिए समुचित इलाज के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बंजारी के पास भीषण बस हादसा: 16 वर्षीय किशोरी की मौत, 42 यात्री घायल; कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल! 13 घायलों को बेहतर उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल किया गया रेफर, कलेक्टर आशीष तिवारी ने डॉक्टरों को दिए समुचित इलाज के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार सुबह हुए बस हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि 42 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उनके उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हादसे में 16 वर्षीय अनीता लोधी की मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमपी-14-बीडी-0811 में सवार पिपरा निवासी 16 वर्षीय अनीता लोधी, पिता संतोष लोधी की हादसे में मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल 42 यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। इनमें से 13 घायलों की स्थिति और बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय कटनी रेफर किया गया।

अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर-एसपी ने जाना घायलों का हाल

घटना के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों को जरूरत के अनुसार तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए, ताकि उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।

सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचा प्रशासन

बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।

विजयराघवगढ़ अस्पताल में आठ घायल भर्ती

बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में आठ घायल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में भर्ती हैं। अन्य घायलों को उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। प्रशासन की ओर से घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

Related Articles

Back to top button