गुरु ज्ञान की वह रोशनी, जो जीवन की राह आसान करती है,शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में शिक्षक दिवस पर हुआ गरिमामय आयोजन, विद्यार्थियों ने शिक्षकों का तिलक लगाकर किया सम्मान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गुरु ज्ञान की वह रोशनी, जो जीवन की राह आसान करती है,शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में शिक्षक दिवस पर हुआ गरिमामय आयोजन, विद्यार्थियों ने शिक्षकों का तिलक लगाकर किया सम्मान
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता, शिक्षा के बदलते स्वरूप और विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं शिवानी एवं शालिनी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद दलनायक दीनदयाल चक्रवर्ती एवं रीना पटेल ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में डॉ. राजाराम सिंह ने छात्र जीवन में शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा चुनने के लिए भी प्रेरित करते हैं। डॉ. मनीषा व्यास ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षक और विद्यार्थी के बीच बने आत्मीय संबंधों को याद किया।
डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने आधुनिक तकनीक के दौर में शिक्षक की भूमिका पर विचार रखते हुए कहा कि आज गूगल पर लगभग हर विषय की जानकारी आसानी से उपलब्ध है, लेकिन उस जानकारी का सही विश्लेषण और उपयोग समझने के लिए शिक्षक का मार्गदर्शन आवश्यक है।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. बृजलाल अहिरवार ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी ने भी शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दीनदयाल चक्रवर्ती, श्वेता शर्मा, छाया उपाध्याय, देव विश्वास, शिवानी पटेल, शालिनी बर्मन सहित एनएसएस स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. स्मिता परसाई, डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी, युवराज कुमार तिवारी, जवाहरलाल चौधरी, मनीष कुमार, राजीव कुमार सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा चंद्रमुखी बर्मन ने किया।



