प्रशासनमध्यप्रदेश

नवाचार सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम, जनसहयोग का कमाल: कटनी यातायात थाना बना प्रदेश का पहला ‘हाईटेक सिम्युलेटर ट्रेनिंग सेंटर’ 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

नवाचार सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम, जनसहयोग का कमाल: कटनी यातायात थाना बना प्रदेश का पहला ‘हाईटेक सिम्युलेटर ट्रेनिंग सेंटर’ 

कलयुग की कलम कटनी – जिले के यातायात पुलिस थाना ने एक नई मिसाल पेश करते हुए जनसहयोग से अत्याधुनिक ट्रैफिक पाठशाला एवं सिम्युलेटर रूम की स्थापना कर प्रदेश में पहली बार ऐसा नवाचार किया है। सोमवार को इसका विधिवत शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा किया गया। इस पहल के साथ कटनी का यातायात थाना मध्य प्रदेश का पहला ऐसा थाना बन गया है, जहां आधुनिक तकनीक के जरिए सुरक्षित ड्राइविंग प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इस सिम्युलेटर रूम में वर्चुअल ड्राइविंग तकनीक के माध्यम से बिना वास्तविक वाहन के सुरक्षित वातावरण में ड्राइविंग और राइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्क्रीन और कंट्रोलर आधारित इस प्रणाली से नए चालकों को सड़क पर उतरने से पहले व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राओं को सिम्युलेटर के जरिए वर्चुअल राइडिंग का अनुभव कराया गया। इस दौरान उन्हें ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों की समझ, सावधानियां और नियमों की जानकारी भी दी गई। इस पहल का उद्देश्य खासतौर पर बच्चों और युवाओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार चालक बनाना है।

इसके साथ ही ट्रैफिक पाठशाला के माध्यम से नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिनमें विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जाएगी। जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को भी सरल भाषा में समझाया जा रहा है।

परिवहन सेवा के सारथी पोर्टल के जरिए लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन, आधार सत्यापन, ऑनलाइन परीक्षा और शुल्क भुगतान की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाया गया है। अब पात्र व्यक्ति घर बैठे ही ऑनलाइन टेस्ट देकर लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर सकता है।

पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने इस उपलब्धि को कटनी के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह नवाचार सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक श्री रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी यातायात राहुल पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी, निजी कंपनी के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button