Blogमध्यप्रदेश

उत्कल एक्सप्रेस के एस-4 कोच में टॉयलेट से मिला लावारिस नवजात, कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन मचा हड़कंप

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी जिले के मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब हरिद्वार से पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस के एस-4 कोच के टॉयलेट में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। इस घटना ने यात्रियों के बीच हड़कंप मचा दिया और पूरे स्टेशन पर सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने कोच के टॉयलेट में नवजात को देखा। जैसे ही उसने अन्य यात्रियों को इसकी सूचना दी मौके पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। तुरंत रेलवे प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिशु को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

जिला अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में उपचार

नवजात को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी द्वारा यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि, आखिर किसने और किन परिस्थितियों में इस मासूम को ट्रेन में छोड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

मानवता को झकझोरने वाला दृश्य

इस घटना ने समाज की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नवजात को इस तरह लावारिस हालत में छोड़ना न केवल अमानवीय कृत्य है, बल्कि कानूनी तौर पर गंभीर अपराध भी है। समय रहते यात्री की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से नवजात की जान बच गई, लेकिन ये घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि, ऐसे मामलों में जागरूकता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है।

Related Articles

Back to top button