किताबों पर भारी भीड़, जेब पर हल्का असर: कटनी के पुस्तक एवं गणवेश मेले में उमड़ा जनसैलाब अभिभावकों ने सराही प्रशासन की पहल, सोमवार को भी मिलेगा खरीदारी का मौका
कलयुग की कलम से राकेश यादव

किताबों पर भारी भीड़, जेब पर हल्का असर: कटनी के पुस्तक एवं गणवेश मेले में उमड़ा जनसैलाब अभिभावकों ने सराही प्रशासन की पहल, सोमवार को भी मिलेगा खरीदारी का मौका
कलयुग की कलम कटनी – सुभाष चौक के समीप स्थित साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले के दूसरे दिन रविवार को छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने के कारण मेले में सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे और रियायती दरों पर पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते, कॉपियां व अन्य स्टेशनरी सामग्री की जमकर खरीददारी की।

अभिभावकों को बड़ी राहत
यह मेला अभिभावकों के लिए राहत लेकर आया है। यहां एक ही स्थान पर उचित कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो रही है। कई स्टॉलों पर कॉपियों में 40 से 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है, जिससे लोगों को काफी फायदा मिल रहा है।
मंगलनगर से पहुंचे अभिभावक शंकर शुक्ला ने बताया कि यह पहल बेहद सराहनीय है और इससे सभी अभिभावकों को राहत मिली है। वहीं माधवनगर कैंप से आईं महक बत्रा ने कहा कि एक ही जगह पर बच्चों की पूरी जरूरत का सामान मिलना बेहद सुविधाजनक है।
24 स्टॉलों पर विकल्पों की भरमार
मेले में करीब 24 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विभिन्न प्रकाशकों और विक्रेताओं द्वारा शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। हैपी बुक स्टॉल के प्रांजल सुहाने और राय बुक एजेंसी के अरुण राय ने बताया कि मेले में ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जिससे बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई है।
‘बुक बैंक’ बना आकर्षण का केंद्र
मेले में ‘बुक बैंक’ स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां लोग स्वेच्छा से पुस्तकें दान कर रहे हैं। इन पुस्तकों को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कोई भी छात्र पढ़ाई से वंचित न रहे।
करियर काउंसलिंग से मिल रही दिशा
मेले में करियर काउंसलिंग स्टॉल भी लगाया गया है, जहां विशेषज्ञों द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को विषय चयन, उच्च शिक्षा और विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिल रही है।
सोमवार को भी रहेगा मौका
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह पुस्तक एवं गणवेश मेला सोमवार 30 मार्च को भी जारी रहेगा। ऐसे में जो लोग अब तक खरीददारी नहीं कर पाए हैं, उनके पास अभी भी इस सुविधा का लाभ उठाने का अवसर है।



