प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में जनता की आवाज़, प्रशासन सक्रिय कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 139 आवेदकों की समस्याएँ, समय-सीमा में समाधान के सख्त निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में जनता की आवाज़, प्रशासन सक्रिय कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 139 आवेदकों की समस्याएँ, समय-सीमा में समाधान के सख्त निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 139 आवेदकों की समस्याएँ और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। प्रत्येक प्रकरण पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती विंकी सिंहमारे उईके एवं श्रीमती ज्योति लिल्हारे उपस्थित रहीं।

12 वर्षों से निवास, फिर भी पट्टा नहीं

ग्राम पहरूआ स्थित पन्नी कॉलोनी निवासी श्री धीरज कुमार जायसवाल ने पट्टा प्रदान किए जाने की मांग रखते हुए बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से उक्त भूमि पर निवास कर रहे हैं। आवास निर्माण हेतु स्वीकृत राशि से मकान निर्माण कराया गया, नियमित रूप से टैक्स जमा किया जा रहा है तथा बिजली और नल कनेक्शन भी उपलब्ध हैं, बावजूद इसके पट्टा अब तक नहीं मिला। कलेक्टर श्री तिवारी ने नजूल शाखा को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए।

भूमि अधिग्रहण का मुआवजा लंबित

एनकेजे कटनी निवासी श्री छगन सिंह परिहार ने कटनी ग्रेड सेपरेटर बायपास लाइन निर्माण के दौरान अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम हीरवारा स्थित उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया, पर अब तक मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ। इस पर कलेक्टर ने भू-अर्जन शाखा को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

रास्ते की नाप से खुलेगा समाधान का रास्ता

ग्राम पंचायत चाका निवासी श्रीमती गोमती बर्मन एवं श्री सुशील बर्मन ने खेत से लगे मार्ग पर नाली खुदाई में आ रही बाधा की शिकायत की। उन्होंने बताया कि नाली निर्माण रुकने से गंदा पानी खेतों में भर रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने जनपद पंचायत कटनी के सीईओ को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक नाप एवं कार्यवाही के निर्देश दिए।

धूल से परेशान नागरिकों को राहत के निर्देश

वार्ड क्रमांक 15 हीरापुर के निवासियों ने क्रेशर प्लांट से निकलने वाले हाईवा वाहनों से उड़ती धूल के कारण स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया। नागरिकों ने अस्थमा, टीबी व सांस संबंधी बीमारियों में बढ़ोतरी की बात कही। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नियमों के तहत तत्काल पानी के छिड़काव सहित प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button