जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस ढीमरखेड़ा में जिला स्तरीय कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा महात्मा गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस ढीमरखेड़ा में जिला स्तरीय कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा महात्मा गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ढीमरखेड़ा विकासखंड के महात्मा गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के संबोधन को वर्चुअली देखा और सुना।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक बड़वारा श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और वीरता की गाथाओं को देश के सामने लाने का एक बड़ा अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया। वे केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के प्रबल प्रहरी थे। श्री सिंह ने कहा कि अंग्रेज उस समय जनजातीय समाज के अधिकारों को छीनना चाहते थे, जिसके खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा ने डटकर संघर्ष किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और देश के विकास में योगदान देना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुँचाया जा रहा है।
गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय, दुर्गा पारस पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र कोरी, एसडीएम ढीमरखेड़ा सुश्री निधि गोहल, पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र कोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शहडोल सांसद प्रतिनिधि श्री पद्मेश गौतम ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और उनके अद्वितीय संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन समर्पण, साहस और संघर्ष का प्रतीक है, जिन्हें देश हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया, जो उनके अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने सभी से प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता मन
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास बरगवां की छात्राओं ने शानदार करमा नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास ढीमरखेड़ा की छात्राओं ने मनमोहक आदिवासी नृत्य कर सभी का मन जीत लिया। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जनजातीय समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर प्रदर्शन किया।

हितलाभों का वितरण भी हुआ
कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजनांतर्गत दो हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु ऋण राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही जिले के मेधावी विद्यार्थियों, लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं और अन्य पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

प्रदर्शनियों ने बनाया जनाकर्षण का केंद्र
महात्मा गांधी मैदान में लगे विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टालों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, उद्योग, उद्यानिकी, पशुपालन, ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कई विभागों ने अपनी प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर 166 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण, 41 व्यक्तियों की हीमोग्लोबिन जांच और 61 लोगों का सिकल सेल परीक्षण किया गया। इस दौरान नि:शुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में आए हितग्राहियों और आम नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी, जागरूकता सामग्री और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
जनजातीय गौरव वर्ष में विशेष ग्राम सभाएं
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले के 204 चयनित ग्रामों में सचिवों और रोजगार सहायकों द्वारा विशेष ग्राम सभाओं और जनसुनवाई सत्रों का आयोजन किया गया। इन सभाओं में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, यूथ क्लब और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। सभी आदि सेवा केंद्रों पर भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन किया गया।जनजातीय गौरव दिवस का यह भव्य आयोजन न केवल जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत को उजागर करता है, बल्कि समाज के विकास के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, गौरव और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।




