मध्यप्रदेशराजनीति

ग्राम चौपाल में गूंजा कुदवारी का दर्द, सरपंच सचिव द्वारा एक सप्ताह में समाधान का भरोसा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम चौपाल में गूंजा कुदवारी का दर्द, सरपंच सचिव द्वारा एक सप्ताह में समाधान का भरोसा

कलयुग की कलम उमरिया पान – ग्राम पंचायत बम्हनी के ग्राम कुदवारी में ग्रामीण समस्याओं के निराकरण को लेकर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। यह चौपाल समाजसेवी चंद्रकांत चंदू चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें सरपंच अनीता कोरी, ग्राम सचिव सतीश गौतम तथा समाजसेवी गुड्डा कोरी की विशेष मौजूदगी रही। ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।

चौपाल के दौरान कुदवारी गांव की महिलाओं ने गंभीर पेयजल संकट की ओर ध्यान आकर्षित कराया। महिलाओं ने बताया कि गांव में पानी की स्थिति अत्यंत दयनीय है। कभी पानी की सप्लाई चालू रहती है तो कभी अचानक बंद हो जाती है। पानी की टंकी में लगा समरसेबल पंप बार-बार खराब हो जाने से गांव को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल ही में सुधार कार्य किए जाने के बावजूद गांव के केवल आधे हिस्से में ही पानी पहुंच पा रहा है, जबकि शेष आधा गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहा है। इसके अलावा गांव में स्थित देवस्थान चबूतरे का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। साथ ही अन्य छोटी-छोटी स्थानीय समस्याओं से भी सरपंच और सचिव को अवगत कराया गया।

ग्राम चौपाल में उपस्थित सरपंच अनीता कोरी एवं सचिव सतीश गौतम ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने, समरसेबल पंप की मरम्मत, अधूरी जलापूर्ति की समस्या तथा देवस्थान चबूतरे के निर्माण सहित अन्य समस्याओं का निराकरण व्यवस्थित तरीके से एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा।ग्रामीणों ने ग्राम चौपाल के माध्यम से अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया और शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।

Related Articles

Back to top button