प्रशासनमध्यप्रदेश

संकल्प से समाधान शिविर पर जनपद सीईओ का औचक निरीक्षण 379 आवेदनों में 307 का मौके पर निराकरण, लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

संकल्प से समाधान शिविर पर जनपद सीईओ का औचक निरीक्षण 379 आवेदनों में 307 का मौके पर निराकरण, लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – प्रशासन द्वारा संचालित संकल्प से समाधान अभियान ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण जनपद पंचायत के सीईओ श्री यजुवेंद्र कोरी ने किया और अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

यह अभियान कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

औचक निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री कोरी ने ग्राम पंचायत कछारगांव छोटा सहित लगभग आधा दर्जन गांवों में आयोजित शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में ग्राम पंचायत बरहटा, अतरसुमा, घाना, गूडा, इटौली एवं कछारगांव बड़ा के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।

शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 379 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 307 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं 49 आवेदन अस्वीकृत किए गए तथा 20 आवेदन लंबित पाए गए। लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए सीईओ श्री कोरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर यथोचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता बनाए रखने की हिदायत दी गई। साथ ही ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान जनअभियान परिषद के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को पालीथीन का उपयोग न करने की शपथ भी दिलाई गई। इस पहल का ग्रामीणों ने समर्थन किया और स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के तहत ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही संभव हो सके।

Related Articles

Back to top button