मध्यप्रदेश

21 मार्च को आंधी, हवा-ओले की आशंका, मौसम विभाग ने किया अलर्ट जारी

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज टेढी चाल रहा है। मंगलवार को भी सारा दिन आसमान पर बादल छाए रहे। सर्द उत्तरी हवा के चलते दिन का तापमान नहीं बढ़ा। रात का तापमान हल्का नीचे गिरा। इसके चलते गुलाबी ठंड बरकरार है। जिले के कुछ ग्रामीण इलाकों में हल्की वर्षा भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ व मौसम प्रणालियों के चलते बुधवार को भी जबलपुर जिले में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। दिन के तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं। 21 मार्च को भी मौसम बिगड़ा रह सकता है।

बादलों की मौजूदगी, हवा के झोकों ने बढ़ाया, रात में गुलाबी ठंड का अहसास

मंगलवार सुबह हवा का रुख उत्तर पूर्वी से बदलकर उत्तरी हो गया। इसके चलते सुबह ठंड महसूस हुई। दिन में धूप खिली। लेकिन, सर्द उत्तरी हवा व बादलों के चलते दिन में तापमान स्थिर रहा। दिन का अधिकतम तापमान मंगलवार को भी 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से गिरकर 18.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम था।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह जबलपुर सम्भाग सहित पूर्वी मप्र में वर्षा का कारण बन रहा है। पश्चिमी विदर्भ से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक और झारखंड से लेकर आंध्रप्रदेश तक ट्रफ लाइन बनी है। इसके कारण बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। 20 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है। लेकिन, इसका असर 23 और 24 मार्च को ही दिखेगा।

Related Articles

Back to top button