मंडी उड़नदस्ता दल ने धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर की सख्ती 83 हजार रुपए जुर्माना वसूल, निगरानी तेज
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मंडी उड़नदस्ता दल ने धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर की सख्ती 83 हजार रुपए जुर्माना वसूल, निगरानी तेज
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही जिले में अवैध भंडारण और परिवहन की गतिविधियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने राजस्व, खाद्य तथा कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खरीद प्रणाली को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों, दलालों और व्यापारियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन्हीं निर्देशों के तहत तहसील स्लीमनाबाद में पेट्रोल पंप के पीछे श्री ट्रेडर्स नामक हार्डवेयर दुकान के गोदाम में बड़ी मात्रा में अनाधिकृत भंडारण का खुलासा हुआ। दुकान संचालक लाल हल्दकार के गोदाम में लगभग 700 क्विंटल धान और 175 क्विंटल गेहूं बिना वैध अभिलेखों के पाया गया। कृषि उपज मंडी विभाग द्वारा मंडी अधिनियम 1972 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण में कुल 70,110 रुपए का दंड अधिरोपित किया गया। इसमें धान पर दाण्डिक मंडी शुल्क 53,516 रुपए, निराश्रित शुल्क 10,664 रुपए तथा समझौता शुल्क 6 हजार रुपए सम्मिलित हैं। यह कार्रवाई तहसीलदार आकाशदीप नामदेव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला तथा मंडी कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
इसी क्रम में मंडी उड़नदस्ता दल ने 14 नवंबर को 70 क्विंटल धान का अवैध परिवहन करते हुए एक वाहन को पकड़ा। इस मामले में 7 हजार रुपए मंडी शुल्क, 1,400 रुपए निराश्रित शुल्क और 5 हजार रुपए समझौता शुल्क, कुल 13,400 रुपए वसूले गए।
दोनों मामलों को मिलाकर कृषि उपज मंडी समिति कटनी के खाते में कुल 83,380 रुपए की राशि जमा हुई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।




