एमपी के जबलपुर से सिरफिरे आशिक का खूनी खेल सामने आया है। यहां 21 साल के गुरफान ने बीच सड़क एक युवती का बेहरमी से कत्ल कर दिया। गुरफान ने युवती की गर्दन पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुरफान मौके पर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे हत्याकांड की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि घटना ओमती थाना क्षेत्र की है। यहां ओमती थाने से कुछ दूरी पर घंटाघर के पास हुई वारदात से सनसनी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि मछरहाई का रहने वाला गुरफान 17 साल की मुस्कान (बदला हुआ नाम) को पसंद करता था। वह मुस्कान के दूसरे लड़के के साथ घूमने पर नाराज था। सोमवार शाम गुरफान ने मुस्कान की कार का पीछा किया और कार रुकते ही उसकी हत्या कर दी। सामने आया है कि गुरफान ने मुस्कान की हत्या की प्लानिंग पहले से ही कर ली थी।
 
इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि गुरफान एक कार का पीछा करता है। जैसे ही कार सड़क किनारे रुकती है, गुरफान उसके पास जाता है और दरवाजा खोलकर मुस्कान पर चाकू से वार कर देता है। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी युवक मौके पर फरार हो गया। सीसीटीवी में आसपास के लोग गुरफान को पकड़ने के लिए उसके पीछे भागते भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वह बचकर भाग निकलता है।