मध्यप्रदेश

एमपी में यहां हुई पटवारियों पर जबर्दस्त कार्रवाई, कई को दिया बर्खास्तगी का नोटिस, 10 को किया निलंबित

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी

एमपी में पटवारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। नर्मदापुरम जिले में प्रशासन ने कई पटवारियों को बर्खास्तगी का नोटिस जारी कर दिया है। जिले के 10 पटवारियों को निलंबित भी किया है। पटवारियों की हड़ताल के बाद आ रही परेशानियों पर प्रशासन ने ये कार्रवाई की।

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया के पटवारी प्रवीण मेहरा की हार्ट अटैक से मौत के बाद पिपरिया एसडीएम को हटाने की मांग को लेकर पटवारी संघ की हड़ताल चल रही है। हड़ताल के कारण प्रशासनिक कार्य बाधित हो गए हैं।

प्रशासन ने इस पर एक्शन लेते हुए जहां 10 पटवारियों को निलंबित कर दिया वहीं पटवारी संघ पदाधिकारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया। हालांकि प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी पटवारी संघ की हड़ताल खत्म नहीं हुई।

पटवारी संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन पर उनके सदस्यों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। पटवारी संघ के अनुसार सदस्यों को बर्खास्त करने की धमकियां दी जा रही हैं।

पटवारी संघ की हड़ताल से प्रशासनिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। हड़ताल के पांचवे दिन शुक्रवार को भी जब दिक्क्त आई तो जिला प्रशासन ने हड़ताल कर रहे 10 पटवारियों को अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित कर दिया। पटवारी संघ के पदाधिकारियों को भी नोटिस सरकारी कार्य में बाधा डालने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सेवा समाप्ति की चेतावनी दी गई है।

दरअसल पटवारियों की हड़ताल के कारण राज्य सरकार का महत्वाकांक्षी राजस्व महाअभियान 2.0 प्रभावित हो रहा है। यही वजह है कि शुक्रवार को हड़ताल कर रहे 10 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा, हड़ताल का आह्वान करने वाले पटवारी संघ के संभागीय अध्यक्ष पिपरिया के संतोष श्रीवास्तव, पिपरिया तहसील अध्यक्ष मूरत शाह परते और बनखेड़ी तहसील अध्यक्ष अभिषेक उईके को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

Related Articles

Back to top button