कटनी में अग्निवीर भर्ती रैली का आगाज़ 13 फरवरी से 15 जिलों के हज़ारों युवा दिखाएंगे दम, प्रशासन ने की पुख्ता तैयारियाँ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में अग्निवीर भर्ती रैली का आगाज़ 13 फरवरी से 15 जिलों के हज़ारों युवा दिखाएंगे दम, प्रशासन ने की पुख्ता तैयारियाँ
कलयुग की कलम कटनी -भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। सेना भर्ती कार्यालय मुख्यालय जबलपुर द्वारा कटनी जिले के झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में 13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

15 जिलों से पहुंचेंगे युवा अभ्यर्थी
झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस भर्ती रैली में कटनी सहित प्रदेश के 15 जिलों के युवा चयन प्रक्रिया में भाग लेंगे। रैली में जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रत्येक दिन अलग-अलग जिलों के 700 से 800 अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।
बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री तिवारी ने बड़ी संख्या में युवाओं के आगमन को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम को चलित शौचालय, पानी के टैंकर और पर्याप्त सफाई कर्मियों की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है।
वहीं पीडब्ल्यूडी को बैरिकेटिंग, ई-गवर्नेंस विभाग को सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर एवं प्रिंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही स्थल पर फायर ब्रिगेड वाहन और मेडिकल स्टाफ के साथ एंबुलेंस तैनात रहेगी।
महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का होगा फिजिकल टेस्ट
डायरेक्टर रिक्रूटमेंट रितिक खंजोड़े ने बताया कि भर्ती रैली के दौरान महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा। यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार होगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए तीन स्तरों पर ड्यूटी
भर्ती प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए 13 फरवरी से 28 फरवरी तक विशेष दल तैनात किए गए हैं।प्रवेश पत्र परीक्षण व प्रिंट सुविधा – रात्रि 12 बजे से आधार कार्ड परीक्षण व प्रिंट सुविधा – प्रातः 6 बजे से दस्तावेज परीक्षण – प्रातः 6 बजे से शासकीय सेवकों की ड्यूटी
इन पदों के लिए होगा चयन
इस अग्निवीर भर्ती रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क और ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन किया जाएगा।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को –एडमिट कार्ड नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो सभी आवश्यक शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।



