आधी रात खनिज माफिया पर प्रशासन का करारा वार जमुवानी में लेटराइट के अवैध खनन–परिवहन का भंडाफोड़, हाइवा जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आधी रात खनिज माफिया पर प्रशासन का करारा वार जमुवानी में लेटराइट के अवैध खनन–परिवहन का भंडाफोड़, हाइवा जब्त
कलयुग की कलम कटनी -जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के स्पष्ट निर्देशों के पालन में खनिज विभाग की टीम ने आधी रात को छापामार कार्रवाई करते हुए विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम जमुवानी में लेटराइट खनिज के अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त एक हाइवा वाहन जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जिला टास्क फोर्स की बैठक में रात्रिकालीन योजनाबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में खनिज अमले ने बुधवार रात 10 बजे से गुरुवार सुबह 4 बजे तक जिले की विभिन्न तहसीलों में सघन जांच अभियान चलाया।
खनिज टीम द्वारा पहले कटनी–बड़वारा–विलायतकला मार्ग पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के रॉयल्टी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद बड़वारा, रोहनिया, बसाड़ी और बरही मार्ग पर भी जांच अभियान चलाया गया। देर रात करीब 2 बजे, बरही–विजयराघवगढ़ मार्ग स्थित चरी मोड़ भटूरा क्षेत्र के पास ग्राम जमुवानी में लेटराइट खनिज की खुदाई कर परिवहन करते हुए एक हाइवा पकड़ा गया।
अचानक की गई कार्रवाई से घबराकर हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय खदान संचालकों की सहायता से वाहन को सुरक्षित रूप से पुलिस थाना कैमोर की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया।
रात्रिकालीन चेकिंग अभियान के चलते जिले के प्रमुख मार्गों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस कार्रवाई में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते, सिपाही ज्ञानेन्द्र सिंह, सुशील सिंह एवं रमाकांत गर्ग की सराहनीय भूमिका रही।



