तीसरे दिन भी चला सख्त एक्शन: कटनी में वाहन जांच से मचा हड़कंप, बसें-ट्रक जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

तीसरे दिन भी चला सख्त एक्शन: कटनी में वाहन जांच से मचा हड़कंप, बसें-ट्रक जब्त
कलयुग की कलम कंपनी – जिले में अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा तीसरे दिन भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल के नेतृत्व में गुरुवार को कटनी-उमरिया मार्ग और कैमोर रोड पर अचानक चेकिंग की गई। इस दौरान करीब 45 वाहनों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग और यात्री सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
जांच के दौरान 9 वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया। इनमें 5 ट्रक आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में पाए गए, जिन्हें थाना कैमोर में सुरक्षित रखा गया। वहीं 2 ट्रक ओवरलोड मिले, जो निर्धारित सीमा से अधिक माल लेकर चल रहे थे—इन पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 2 यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती पाई गईं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन बसों को तुरंत जब्त कर थाना कुठला में खड़ा कराया गया।
अधिकारी श्री संतोष पॉल ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी वाहन संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने दस्तावेज पूर्ण रखें और नियमों का पालन करें, अन्यथा कार्रवाई तय है।
इस अभियान में परिवहन विभाग के साथ स्थानीय पुलिस का भी पूरा सहयोग रहा। अधिकारियों के अनुसार, आगे भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



