ढीमरखेडा़ जनपद सीईओ ने चार पंचायतों में परखी जमीनी हकीकत शिक्षा, मध्यान्ह भोजन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर, अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेडा़ जनपद सीईओ ने चार पंचायतों में परखी जमीनी हकीकत शिक्षा, मध्यान्ह भोजन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी नजर, अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री यजुवेंद्र कोरी ने क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन, जल जीवन मिशन और निर्माण कार्यों की प्रगति को बारीकी से परखा गया।
सीईओ श्री कोरी ने माध्यमिक शाला सिलौंडी बाजार मोहल्ला सहित ग्राम पंचायत नेगई, तिलमन और घाना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति जानी, वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, उपस्थिति पंजी और हैंड वॉश यूनिट का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर शिक्षकों की अनुपस्थिति और छात्रों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताई गई। श्री कोरी ने संबंधित शिक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए व्यवस्था में सुधार लाने को कहा।
इसके साथ ही सीसी रोड, नाली निर्माण, कूप मरम्मत, खेल मैदान और पंचायत भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया। जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन नल-जल योजना और पानी की टंकियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत घाना में नल-जल योजना के कार्य में देरी पर ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जनपद सीईओ ने सभी सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों और उपयंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप और तय समय में पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके इस दौरान सरपंच, जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



