दुग्ध क्रांति की ओर गांव-गांव प्रशासन की दस्तक दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तहत ढीमरखेड़ा–सिमरिया में पशुपालकों से सीधा संवाद सेक्स सॉर्टेड सीमेन, पशु स्वास्थ्य और आय वृद्धि पर दी गई जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

दुग्ध क्रांति की ओर गांव-गांव प्रशासन की दस्तक दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तहत ढीमरखेड़ा–सिमरिया में पशुपालकों से सीधा संवाद सेक्स सॉर्टेड सीमेन, पशु स्वास्थ्य और आय वृद्धि पर दी गई जानकारी
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -जिले में दुग्ध उत्पादन को सुदृढ़ करने और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का द्वितीय चरण सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रशासनिक एवं पशुपालन विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुपालकों से सीधा संवाद कर रही हैं और उन्हें आधुनिक तकनीकों से अवगत करा रही हैं।
इसी कड़ी में उपसंचालक पशु चिकित्सा श्री आर.के. सोनी ने विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम सिमरिया पहुंचकर पशुपालक श्री पवन परौहा से चर्चा की और उन्हें सेक्स सॉर्टेड सीमेन के उपयोग, उससे होने वाले लाभ तथा दुग्ध उत्पादन में संभावित वृद्धि की विस्तृत जानकारी दी।
घर-घर पहुंचकर किया सत्यापन और मार्गदर्शन
अभियान के दौरान तहसीलदार बड़वारा श्री ऋषि गौतम एवं पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. रवि कटारिया ने क्षेत्र के पशुपालकों से गृहभेंट कर पशुधन संबंधी जानकारी का सत्यापन किया। इस दौरान पशुपालकों को बताया गया कि सेक्स सॉर्टेड सीमेन के प्रयोग से बेहतर नस्ल की मादा बछिया प्राप्त होती है, जिससे भविष्य में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी संभव है।
नस्ल सुधार से आय वृद्धि पर फोकस
इसी क्रम में ग्राम मझगांव में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी सुश्री रितु सिंह ने पशुपालक श्री रोशनलाल उपाध्याय, ब्रजमोहन शर्मा एवं चेतराम कुशवाहा से गृहभेंट कर पशु नस्ल सुधार, संतुलित आहार, पशु स्वास्थ्य देखभाल, रोग रोकथाम, उन्नत कृत्रिम गर्भाधान तकनीक और दुग्ध उत्पादन से आय बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।अधिकारियों ने पशुपालकों को नियमित टीकाकरण, वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अभियान से ग्रामीण पशुपालकों में जागरूकता बढ़ी है और दुग्ध उत्पादन को लेकर सकारात्मक माहौल निर्मित हो रहा है।



