प्रशासनमध्यप्रदेश

रोजगार मेले में युवाओं को मिला अवसरों का मंच, 194 का प्राथमिक चयन स्वरोजगार को बढ़ावा: 22 लाख से अधिक के ऋण व अनुदान वितरित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

रोजगार मेले में युवाओं को मिला अवसरों का मंच, 194 का प्राथमिक चयन स्वरोजगार को बढ़ावा: 22 लाख से अधिक के ऋण व अनुदान वितरित

कलयुग की कलम बहोरीबंद -जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर बुधवार को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय, बहोरीबंद में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन किया गया।

मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा शासकीय आईटीआई कटनी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी, पॉलीटेक्निक प्राचार्य नरेन्द्र बडर्बेडकर, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, आईटीआई प्राचार्य देवेश कुमार मिश्रा एवं शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद के प्राचार्य इंदर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 6 कंपनियों द्वारा 410 रिक्तियां अधिसूचित की गईं। मेले में 371 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 194 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित युवाओं में जीडीएक्स सिक्योरिटी सर्विस नोएडा से 44, भारतीय जीवन बीमा निगम से 25, फ्रीडम एम्प्लायबिलिटी नई दिल्ली से 1, प्रधानमंत्री कौशल विकास केन्द्र से 60, अडानी स्किल डेवलपमेंट कैमौर से 24 तथा बेस एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से 28 आवेदक शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार को प्रोत्साहन देते हुए विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 2 आवेदकों को 22 लाख 52 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों को 26 लाख 51 हजार 271 रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई।

युवा संगम मेले के अंतर्गत मेडिकल टीम द्वारा 56 आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही पशुपालन, उद्यानिकी एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।

मेले में आईटीआई प्रशिक्षकों विकास कुमार गर्ग एवं अनिल कुमार तिवारी ने आईटीआई में संचालित पाठ्यक्रमों एवं उनके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा स्टार्टअप, एआई एवं तकनीकी शिक्षा की संभावनाओं पर जानकारी दी गई। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की विस्तृत जानकारी युवाओं को प्रदान की।

Related Articles

Back to top button