प्रशासनमध्यप्रदेश

पिकअप मालिक की कथित प्रताड़ना से टूट गया युवक, रेलवे ट्रैक पर मिली लाश आरोपों से भड़के परिजन, शव सड़क पर रखकर बड़वारा में चक्काजाम

कलयुग की कलम से राकेश यादव

पिकअप मालिक की कथित प्रताड़ना से टूट गया युवक, रेलवे ट्रैक पर मिली लाश आरोपों से भड़के परिजन, शव सड़क पर रखकर बड़वारा में चक्काजाम

कलयुग की कलम कटनी बड़वारा -बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम चपहानी में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 24 वर्षीय युवक आनंद गाडरी का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पिकअप वाहन मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।

हादसे के बाद शुरू हुआ दबाव

परिजनों के अनुसार आनंद बड़वारा स्थित एक वेयरहाउस में पिकअप चालक के रूप में कार्यरत था। 12 जनवरी को सांधी गांव जाते समय पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद वाहन मालिक द्वारा नुकसान की भरपाई को लेकर आनंद पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

मृतक के पिता रामजी पाल ने बताया कि बेटे को धमकाया गया, उसके साथ मारपीट की गई और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दी जाती थी। इसी मानसिक तनाव और भय के चलते आनंद ने रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जान दे दी।

शव रखकर किया चक्काजाम

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, आक्रोश भड़क उठा। परिजन और ग्रामीणों ने बड़वारा नगर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी वाहन मालिक के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button