Blogमध्यप्रदेशराजनीति

इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा, दोनों दलों के कई बड़े नेता घायल

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

इंदौर- नई दिल्ली में AI शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के अर्द्धनग्न प्रदर्शन पर मध्यप्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। इसे लेकर जहां पूरे प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी चल रही है वहीं भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस की खिलाफत कर रहे हैं। इंदौर में ऐसे ​ही विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के सामने पथराव हो गया जिससे कई लोग घायल हो गए हैं। कांग्रेस और बीजेपी के कई नेता, कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पूर्व विधायक विपिन वानखेडे, महिला नेत्री बिंदु चौहान भी बुरी तरह घायल हो गई हैं। दोनों दलों के कई बड़े नेता अस्पताल पहुंचे हैं।

मध्यप्रदेश में दिल्ली की घटना के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इंदौर में भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के बाहर नारेबाजी की। कुछ ही देर में कार्यालय के बाहर पत्थरबाजी शुरु हो गई। इससे पत्रकार सहित कई लोग घायल हो गए।

गांधी भवन के सामने प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क था। पुलिस ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को मच्छी बाजार चौराहे पर रोक लिया। इधर कांग्रेस कार्यकर्ता भी जमा हो गए। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को दूर से ही रोक लिया। प्रदर्शन के दौरान खासा हंगामा हुआ। एकाएक पत्थर चलने लगे जिससे अनेक लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक खदेड़ा।

कांग्रेस और बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पथराव किया। इस दौरान पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर के साथ-साथ संतरे और टमाटर भी फेंके गए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के इस पथराव में सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके सीने के पास एक बड़ा पत्थर लगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया है।

भाजपा नेत्री के सिर में 8 टांके आए

इंदौर में हुई हिंसा का मामला भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के पास पहुंच चुका है। पार्टी के बड़े नेता घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस बीच भाजपा नेता सुमित मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी पहले से हमले की तैयारी कर बैठे थे। हमारी एक नेत्री के सिर में 8 टांके आए हैं। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सह मीडिया प्रभारी टीनू जैन पंढरीनाथ थाने पहुंचे हैं।

Related Articles

Back to top button