उमरियापान से सिहोरा तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों और यात्रियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है।
वाहन चालकों का कहना है कि गड्ढों के कारण गाड़ियों में लगातार खराबी आ रही है, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।