प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्राम डूणी से दुर्लभ प्रजाति के वन्य प्राणी पैंगोलिन का उमरिया पान पुलिस द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम डूणी से दुर्लभ प्रजाति के वन्य प्राणी पैंगोलिन का उमरिया पान पुलिस द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया 

कलयुग की कलम उमरिया पान -कटनी जिले के उमरिया पान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूणी में दुर्लभ प्रजाति के वन्य प्राणी पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। यह घटना बीती रात की है, जब ग्रामवासियों ने एक असामान्य प्राणी को देख तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर भारत सिंह मार्को एवं प्रधान आरक्षक अजय तिवारी मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय नागरिकों को समझाइश दी और पैंगोलिन को बिना किसी हानि पहुँचाए सुरक्षित घेराबंदी कर रेस्क्यू करने की कार्यवाही शुरू की। इस दौरान 100 नंबर पायलट दल, ग्रामीण जन कान्हा सोनी सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस का भरपूर सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों से पैंगोलिन को सकुशल पकड़कर थाने लाया गया।

थाने में प्राथमिक औपचारिकताओं के बाद पैंगोलिन को वन विभाग उमरिया पान के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान वन विभाग के रेंजर अजय मिश्रा स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस व ग्रामीणों द्वारा किए गए इस त्वरित एवं जिम्मेदाराना कार्य की सराहना की।

ज्ञात हो कि पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति है। यह दुर्लभ प्राणी मुख्यतः जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में पाया जाता है तथा इसकी तस्करी की आशंका हमेशा बनी रहती है। पैंगोलिन का शिकार एवं अवैध व्यापार कानूनन अपराध है और इसके लिए कठोर दंड का भी प्रावधान है। ऐसे में ग्राम डूणी क्षेत्र में इस प्राणी का मिलना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में उमरिया पान थाना लगातार क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी कर रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस विभाग की त्वरित कार्यवाही की सराहना की।

कलयुग की कलम परिवार की ओर से सभी पाठकों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं 

Related Articles

Back to top button