कटनी- बिजली कनेक्शन काटने गए दो कर्मचारियों को कटनी जिले के मूरपार गांव में उपभोक्ताओं ने बंधक बना लिया। जान से मारने की धमकी दी। बकाया बिल से नाराज उपभोक्ताओं ने कुल्हाड़ी निकालकर कर्मचारियों को धमकाया। कनेक्शन जोड़ने के बाद ही उन्हें छोड़ा। पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। कनेक्शन काटते समय राजाराम और संतोष यादव कुल्हाड़ी लेकर टूट पड़े। सलीम खान से मारपीट की गई, जबकि सुखदेव को रस्सी से बांधकर बंधक बनाया। आरोपियों ने धमकी दी कि लाइन चालू नहीं की तो गर्दन काट देंगे। डर के मारे कर्मचारियों ने कनेक्शन जोड़ दिया, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया। दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
यह है मामला
विद्युत वितरण केंद्र देवगांव के सुमेली में राजाराम यादव पर 15,147 और संतोष यादव पर 27,579 का बिजली बिल लंबे समय से बकाया था। 3 महीने पहले बिजली कंपनी ने दोनों के कनेक्शन काट दिए। शुक्रवार को लाइनमैन सलीम खान और आउटसोर्स कर्मचारी सुखदेव यादव कनेक्शन की जांच के लिए पहुंचे।